फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Train Accident: 200 लोगों को लेकर हावड़ा पहुंची विशेष ट्रेन, ममता बनर्जी बोलीं- हादसे में साजिश की आशंका

Sat, 03 Jun 2023 06:41 PM IST
Harendra Chaudhary अमर उजाला ब्यूरो, कोलकाता

सार

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार सुबह बालासोर में रेल दुर्घटना स्थल का दौरा किया। स्थिति का जायजा लिया और और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ भी बातचीत की। ममता बनर्जी ने रेलवे और ओडिशा सरकार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया...
विज्ञापन
West Bengal Chief Minister reached the Odisha train accident site - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ओडिशा के बालासोर के पास शुक्रवार को हुए रेल हादसे के बाद शनिवार को करीब दौ सौ लोगों के एक विशेष ट्रेन से बंगाल के यात्रियों को हावड़ा लाया गया है। यह विशेष ट्रेन दोपहर को यहां पहुंची। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया। रेलवे की ओर से इन्हें भोजन और पानी उपलब्ध करवाया गया है। हावड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेट फॉर्म नंबर आठ पर एक मेडिकल बूथ, एंबुलेंस और फर्स्ट एड की व्यवस्था की गई है।

लोगों ने बताया कि किस तरह से सैकड़ों लोग दुर्घटना की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। पलटे हुए ट्रेन के डब्बों के नीचे फंसे लोगों को किस तरह से निकाला गया और एनडीआरएफ कर्मियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर कैसे इन्हें ट्रेन से सुरक्षित निकाला है, इस बारे में भी लोगों ने बताया है। हावड़ा स्टेशन पर रेलवे की ओर से इन यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पूर्व रेलवे की ओर से जारी बयान के मुताबिक प्लेटफार्म नंबर-आठ पर एक मेडिकल बूथ, एंबुलेंस और फर्स्ट एड सेवा उपलब्ध कराए गए हैं। यहां डॉक्टर्स भी मौजूद हैं। राज्य के मेडिकल अस्पतालों के चिकित्सकों से तालमेल बनाकर यहां चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। दुर्घटना स्थल से आने वाले यात्रियों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था है।

आरपीएफ कर्मी लगातार स्थानीय और हिंदी भाषा में जानकारी दे रहे हैं। वे बता रहे हैं कि कहां किस चीज की सुविधा उपलब्ध है। प्लेटफार्म नंबर-आठ पर ही व्हील चेयर और स्ट्रेचर उपलब्ध करवाई गई है। सहायता बूथ भी स्थापित किए गए हैं। स्टेशन कॉरिडोर में टैक्सी की मुफ्त एंट्री की अनुमति दी गई है।

हादसे में साजिश की आशंका, गहन जांच हो: ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार सुबह बालासोर में रेल दुर्घटना स्थल का दौरा किया। स्थिति का जायजा लिया और और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ भी बातचीत की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रेलवे और ओडिशा सरकार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, इस मामले की सटीक जांच हो। इसके साथ ही उन्होंने कॉर्डिनेशन गैप को लेकर रेलवे पर निशाना साधा और दुर्घटना में मृत बंगाल के लोगों के परिवार के लोगों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का एलान किया।

ममता बनर्जी ने कहा, कुछ तो हुआ होगा। उचित जांच होने दीजिए। उन्होंने कहा कि रेलवे में कॉडिनेशन गैप है। ममता बनर्जी ने कहा कि पहले रेलवे की ओर से मृतकों के परिवारों को 15 लाख रुपये दिया जाता था, लेकिन अब 10 लाख रुपये दिया जाता है। यह रेलवे का सिस्टम है। इस दुर्घटना में उनके राज्य के कई लोगों की मौत हुई है। ममता बनर्जी ने कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी। जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार की ओर से अब तक करीब 50 एंबुलेंस भेजी गई हैं और 40 डॉक्टर काम कर रहे हैं।

बढ़ सकती है मृतकों की संख्या

बंगाल की मुख्यमंत्री कहा कि रास्ता साफ नहीं होने तक कुछ नहीं हो पाएगा, लेकिन इसमें जरूर कुछ है। इसकी जांच हो। उन्होंने कहा कि अभी भी तीन बोगी उसी तरह से पड़े हुए हैं। मृतकों की संख्या 500 भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि बंगाल सरकार हर संभव सहयोग करेगी। जो लोग घायल हुए हैं और यहां इलाज नहीं हो पा रहा है। बंगाल आने पर उनका इलाज करवाया जाएगा।

घायलों से मिले बंगाल भाजपा अध्यक्ष

बालासोर के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई कोरोमंडल एक्सप्रेस में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजमुदार पहुंचे। बालासोर के फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में अधिकतर घायलों को भर्ती किया गया है। इसके अलावा अन्य अस्पतालों में भी घायलों को रखा गया है। यहां पहुंचकर सुकांत मजूमदार ने घायलों से मुलाकात की और बातचीत की है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार ने घायलों के इलाज के लिए दो लाख रुपये की वित्तीय मदद की घोषणा की है। निश्चित तौर पर सभी घायलों के परिवारों को इसका लाभ मिले यह सुनिश्चित करने का काम भाजपा करेगी। उन्होंने बंगाल के कई लोगों से मिलकर पूछा कि चिकित्सकीय व्यवस्था में कोई कमी तो नहीं है। मजूमदार ने स्थानीय भाजपा नेतृत्व के साथ मिलकर डॉक्टरों से भी बात की है और घायलों को बेहतर चिकित्सा के लिए अनुरोध किया है। इधर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर शुक्रवार रात दुर्घटना के तुरंत बाद राज्य के मंत्री मानस भुइयां और सांसद डोला सेन भी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। इन्होंने भी घायलों से मुलाकात की है और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया है।

भारतीय वायुसेना ने लगाए राहत और बचाव के लिए लगाए एमआई-17 हेलीकॉप्टर

ओडिशा के बालासोर में हुई रेल दुर्घटना में राहत और बचाव के लिए भारतीय सेना के साथ वायु सेना भी मैदान में उतर गई है। इसके साथ ही मौके पर मौजूद वायुसेना के अधिकारी स्थानीय नागरिक प्रशासन और भारतीय रेलवे के साथ लगातार समन्वय बनाकर राहत और बचाव कार्य कर रहे हैं।

रक्षा मंत्रालय के पूर्वी कमान के प्रवक्ता हिमांशु तिवारी ने अमर उजाला को बताया कि वायुसेना ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर को राहत और बचाव के लिए उतारा है। भारतीय थल सेना की चार कंपनियां भी दुर्घटना स्थल पर मौजूद हैं और राहत तथा बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। ओडिशा सरकार की ओर से रक्षा मंत्रालय से सेना की तैनाती का अनुरोध किया गया था जिसके बाद पूर्वी कमान से जवानों को दुर्घटना स्थल पर लाया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें