Kolkata Police STF has arrested another terrorist from Madhya Pradesh
- फोटो : Amar Ujala
कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) मध्य प्रदेश से गिरफ्तार आईएसआईएस के आतंकी अब्दुल रकीब कुरैशी को ट्रांजिट रिमांड पर बुधवार सुबह कोलकाता ले आई है। एसटीएफ के उपायुक्त आईपीएस वी सोलेमन नेशा कुमार ने बताया कि उसे बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे 23 जनवरी तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।
उसे मध्यप्रदेश के खंडवा से सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। कुमार ने बताया कि गत छह जनवरी को हावड़ा से मोहम्मद सद्दाम और सईद अहमद नाम के दो आतंकियों को पकड़ा गया था। दोनों से पूछताछ के बाद रकीब के बारे में जानकारी मिली थी। तुरंत एसटीएफ की टीम मध्यप्रदेश के लिए रवाना हो गई थी और सोमवार को स्थानीय कोतवाली थाने के साथ मिलकर छापेमारी कर उसे धर दबोचा गया। उसके पास से मोबाइल फोन, एक पेनड्राइव और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं। रकीब को पहले भी आतंकी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह सीमी का भी सदस्य रह चुका है। आईएसआईएस आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पता चला कि इन्होंने आतंकवाद के प्रति वफादारी की शपथ ली थी। इसके लिए सद्दाम की डायरी में अरबी में नोट भी लिखा हुआ मिला है।