कलकत्ता हाई कोर्ट के न्यायाधीश टीएस शिवज्ञानम अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। वह कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव का स्थान लेंगे, जो मार्च में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। जस्टिस शिवज्ञानम को हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर नियुक्त करने की सिफारिश सुप्रीम कोर्ट की कॉलेजियम ने की है। इस बारे में अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। 30 मार्च को न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव का कार्यकाल खत्म हो जाएगा। उसके बाद शिवज्ञानम मुख्य न्यायाधीश के तौर पर शपथ लेंगे।
शिवज्ञानम का जन्म तमिलनाडु में हुआ था। 1986 में बतौर उन्होंने अधिवक्ता अपना करियर शुरू किया था। 23 सालों तक अधिवक्ता के तौर पर प्रैक्टिस करने के बाद 2011 में स्थाई न्यायाधीश के तौर पर उनकी नियुक्ति हुई थी। उसके बाद 2021 के 25 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर कलकत्ता हाई कोर्ट में न्यायाधीश के रूप में उनकी नियुक्ति हुई थी। जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव के बाद वह दूसरे सबसे सीनियर न्यायाधीश हैं। वर्ष 2025 के 15 सितंबर तक उनका कार्यकाल रहेगा।