Eastern Command: College of Nursing
- फोटो : Amar Ujala
बेटियों के हुनर को पंख लग रहे हैं...बेटियां आसमान नापने लगी हैं...हर जगह बेटियों की मौजूदगी बता रही है कि कैसे भारत की बेटियां कंधे से कंधा मिलाकर बेटियां दुनिया में छाने को तैयार हैं। ऐसा ही नजारा बुधवार को भारतीय सेना के पूर्वी कमान के कोलकाता स्थित योगेंद्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में देखने को मिला, जहां बेटियों के कंधे पर स्टार लग रहे थे। बेटियां देश सेवा की शपथ ले रहीं थीं और उनकी और उनके अभिभावकों के खुशी के आंसू बरबस ही छलक पड़े। मौका था, नर्सिंग कमीशनिंग का।
सेना के अधिकारी के मुताबिक कॉलेज ऑफ नर्सिंग, कमांड अस्पताल (पूर्वी कमान) 2018-23 बैच की 23 नर्सिंग कैडेट्स के कमिशनिंग समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कैडेट्स को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण करते हुए बेटियों की और उनके अभिभावकों के आंखों से खुशी के आंसू छलक रहे थे। कार्यक्रम में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बीएसी नर्सिंग अफसरों को ट्रॉफी, गोल्ड मेडल और कैश पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान एमएससी नर्सिंग के अंतिम वर्ष के बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले अफसरों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल ने नए अफसरों को शुभकामनाएं दीं और बेहतरीन सेवा के लिए प्रेरित किया।