Didir Suraksha Kavach: Mamata banerjee
- फोटो : ANI (File Photo)
पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा शुरू किए गए दीदीर सुरक्षा कवच (Didir suraksha kavach) कार्यक्रमों में बवाल जारी है। कई जगह तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, शनिवार को शिकायत करने पहुंचे एक शख्स पर तृणमूल के नेता पर मंत्री के सामने थप्पड़ मारने का आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को उत्तर 24 परगना के दत्तापुकुर में राज्य खाद्यमंत्री रथिन घोष दीदीर दूत कार्यक्रम में पहुंचे थे। वे लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। बताया जा रहा है कि तभी वहां पर एक स्थानीय निवासी खराब सड़क की शिकायत करने पहुंचा था। जानकारी के मुताबिक मंत्री के सामने ही एक तृणमूल कांग्रेस के नेता ने उस पर अचानक थप्पड़ जड़ दिया।
हालांकि, शुरू में तृणमूल कांग्रेस पूरे आरोप से इनकार कर रही थी। बाद में, घटना की तस्वीरें सामने आने के बाद मंत्री रथिन बोस ने कहा, यह मेरे सामने नहीं हुआ। घटना 500 मीटर दूर हुई और हमारी पार्टी के कार्यकर्ता इतने अनुशासनहीन नहीं हैं कि किसी के साथ ऐसा करें।