हमास के राजनीतिक शाखा के प्रमुख याह्या सिनवार की मौत के बाद भी हमलों में कमी नहीं आई है। इस बीच, रविवार को इस्राइली सेना ने जानकारी दी कि उत्तरी गाजा में लड़ाई के दौरान उनका एक 41 वर्षीय कर्नल की मौत हो गई। उधर, लेबनान के सरकारी मीडिया ने बताया कि इस्राइल ने सीमा पर स्थित तीन गांवों में घरों को उड़ा दिया है। यह कार्रवाई पश्चिम एशिया में तनाव को और बढ़ा सकती है। इस्राइली मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस्राइल के रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने गाजा संघर्ष में मारे गए कर्नल एहसान डाक्सा को श्रद्धांजलि दी और उन्हें एक साहसी कमांडर, एक बहादुर अधिकारी और राज्य की सुरक्षा में अपनी उर्जा लगाने वाले व्यक्ति के रूप में याद किया। गैलेंट ने कहा, मैंने एहसान से तब मुलाकात की थी, जब वह अपने सैनिकों के साथ हमास की रफा ब्रिगेड को खत्म करने के लिए अभियान का नेतृत्व कर रहे थे।