कोटद्वार। नेशनल हाईवे पर सुखरो नदी पुल क्षेत्र में रस्सी टूटने से एक ट्रिपलर में भरे यूकेलिप्टस के लट्ठे सड़क पर बिखर गए। गनीमत रही कि कोई राहगीर एवं वाहन इन लट्ठों की चपेट में नहीं आया।
बुधवार को दोपहर नजीबाबाद से कोटद्वार की ओर आ रहा एक ट्रैक्टर ट्रिपलर जैसे ही हाईवे पर सुखरो नदी पर बने पुल से कोटद्वार की ओर बढ़ा, तभी ट्रिपलर की रस्सी टूट गई। ट्रिपलर में भरे यूकेलिप्टस के कई लट्ठे एक ही झटके में सड़क पर बिखर गए। संयोग से घटना के समय अन्य वाहन ट्रैक्टर ट्रिपलर से कुछ कदम के फासले पर थे। दरअसल सुखरो नदी पुल पर मरम्मत का कार्य किए जाने के कारण अवरोधक रखे हैं और यहां से वाहन धीमी गति से एवं रुक रुककर गुजर रहे हैं।
वन-वे ट्रैफिक होने के कारण सामने से भी वाहन नहीं आ रहे थे। जिससे बड़ी घटना टल गई। घटनास्थल पर काफी देर तक जाम लगा रहा। वहीं, ट्रिपलर में लट्ठे फंसे रहने के कारण कई लट्ठे नहीं गिरे। जिससे हाईवे पूरी तरह से अवरुद्ध होने से बच गया। जाम में फंसे लोगों ने वाहनों से उतरकर लट्ठों को हटाकर रास्ता खुलवाने में मदद की।