कोटद्वार। दिल्ली से चलकर कोटद्वार पहुंचने वाली श्री सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार को करीब छह घंटे विलंब से कोटद्वार पहुंचेगी। यह ट्रेन चार घंटे विलंब से वापस दिल्ली के लिए रवाना होगी।
श्री सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में दिल्ली से कोटद्वार के लिए कोटद्वार और पौड़ी गढ़वाल के कई लोग सफर करते हैं। एनसीआर रीजन में रेल ट्रैक पर काम के चलने की वजह से यह ट्रेन करीब दो महीनों में कई बार घंटों विलंब से चली। अब छह जनवरी (सोमवार) को भी यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 1: 30 बजे से करीब छह घंटे विलंब से कोटद्वार पहुंचेगी। स्टेशन अधीक्षक आशीष बिष्ट ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि रेलवे के पूर्व निर्धारित शिड्यूलिंग के अंतर्गत ट्रेन विलंब से शाम करीब 7:15 और 7:30 बजे के बीच कोटद्वार पहुंचेगी। ट्रेन को शाम 7:55 बजे वापस दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।
दिल्ली से आने वाली ट्रेन में सवार पौड़ी गढ़वाल के कई दुर्गम क्षेत्र के लोगों को ट्रेन के घंटों विलंब से पहुंचने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। दरअसल पर्वतीय क्षेत्रों में जाने के लिए शाम के बाद कोटद्वार में बसें उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को कोटद्वार में ही रात गुजारने पर मजबूर होना पड़ता है। इससे उनका समय और धन की बर्बादी होती है। क्षेत्रवासियों ने रेल यात्रियों की व्यावहारिक समस्या को समझते हुए रेलवे अधिकारियों से इस ट्रेन को नियमित रूप से निर्धारित समय पर ही संचालित करने की मांग की।