कोटद्वार। अपराध और आकस्मिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस ने रविवार को भी जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस ने स्वयंसेवकों, टैक्सी चालकों ओर आमजन को जागरूक किया।
कोटद्वार कोतवाली के एसएसआई उमेश कुमार ने रविवार को लाल बत्ती चौक पर पहुंचकर टैक्सी चालकों के साथ नुक्कड़ सभा की। उन्होंने बताया कि टैक्सी चालकों की जागरूकता अपराध से निपटने के लिए जरूरी है। उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय से अस्पताल पहुंचाने, चिकित्सीय सहायता दिलाने, महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा को लेकर सचेत रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, साइबर अपराध, नशा प्रवृत्ति और यातायात नियमों की अनदेखी की घटनाओं से निपटने के लिए भी जनजागरूकता का आह्वान किया।
इससे पहले आदर्श राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में एनएसएस स्वयंसेवकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्कूली बच्चों को भी साइबर अपराध से बचाव, यातायात नियमों के पालन, नशे से बचाव, महिला व बाल सुरक्षा में पुलिस की हरसंभव मदद करने की अपील की गई। साथ ही उन्हें सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1930, 112, महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 व चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई।