गौचर। प्रदेश में शिक्षा के तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद देहरादून की ओर से इनोवेट उत्तराखंड हैकाथान का आयोजन किया जा रहा है। विद्यार्थी और शिक्षक इस प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और तकनीकी ज्ञान को प्रदर्शित कर सकते हैं। हैकाथान में प्रतिभाग करने के लिए कक्षा एक से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं और संबंधित स्कूलों के शिक्षक 15 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के हैकाथान प्रभारी वीरेंद्र सिंह कठैत ने बताया कि प्रतियोगिता में तीन में से किसी एक शीर्षक पर प्रोजेक्ट तैयार कर ऑनलाइन प्रस्तुत करना होगा। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य शिक्षा और पर्यावरण की चुनौतियों के समाधानों को डिजिटल और आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के आधार पर प्रस्तुत करना है। इसके लिए राज्य स्तर पर शीर्ष सौ परियोजनाओं को आमंत्रित कर पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतिभागी www.inno-vateuttarakhand.com पर 15 जनवरी 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। संवाद