देवाल। सेलखोला ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान ने ग्वालदम-देवाल-वाण-तपोवन का एलाइनमेंट बदलने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व रक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजा।
कहा कि रक्षा मंत्रालय ने शिवालिक परियोजना के तहत 99 किमी सड़क की स्वीकृति दी है। ग्वालदम से नंदकेशरी, वाण, रामड़ी, ईराड़ी होते हुए तपोवन तक सड़क बननी है। इसके तहत लोनिवि की 60 किमी ग्वालदम से वाण तक की सड़क बीआरओ को ट्रांसफर होनी है। ट्रांसफर के बाद इस सड़क का चौड़ीकरण व सुधारीकरण होना है। इस सड़क के चौड़ीकरण होने से सड़क के दोनों किनारे नंदकेशरी, पूर्णा, देवाल बाजार, इच्छोली, उलंग्रा, कांडेई, ल्वाणी, बगड़ीगाड़, मुंदोली, लोहाजंग, वाण के आवासीय भवन व दुकानें इसकी जद में आएंगे। सेलखोला ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान यादव मिश्रा ने कहा कि रक्षा मंत्रालय से यह सड़क स्वीकृत है। बीआरओ की ओर से इसका सर्वे किया जा रहा है। उन्होंने इस सड़क का एलाइनमेंट बदलकर ग्वालदम-सोड़िग-त्यूनूड़-तलौर-कलपट्टा-जैनबिष्ट-कांडेई से लोहाजंग-वाण तक करने की मांग की। संवाद