पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में इलाज के लिए लखनऊ जा रहे परिवार की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा बिरसिंहपुर बाजार के पास हुआ, जब वाहन चालक को झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, महिंद्रा कार में सवार परिवार बिहार के चंपारण जिले के पालनावा गांव का रहने वाला था। वाहन चला रहे दीपक कुमार गुप्ता (50 वर्ष) पुत्र स्व. गणेश प्रसाद गुप्ता रात करीब 1:30 बजे झपकी आ जाने के कारण नियंत्रण खो बैठे। तेज रफ्तार में अनियंत्रित कार डिवाइडर तोड़ते हुए पलट गई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत बिरसिंहपुर 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान चालक दीपक कुमार की मौत हो गई। उनका शव मोर्चरी में रखवाया गया है। इस हादसे में दीपक के बड़े भाई राजन (65), भाभी डेज़ी (48) और भतीजी पलक (22) घायल हो गए। तीनों का उपचार अस्पताल में जारी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।