मध्यप्रदेश के खंडवा में जनजातीय कल्याण मंत्री विजय शाह ने मदरसों में होने वाले राष्ट्रगान पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि जो देश का अपमान करेगा, उसका बहुत कुछ बंद हो जाएगा।
मंत्री शाह ने क्रिश्चियन स्कूलों की तारीफ करते हुए कहा कि वहां तो जन-गण-मन भी पढ़ाया जाता है, और झंडा वंदन भी होता है। इसके साथ ही मंत्री शाह ने चेतावनी देने वाले अंदाज में कहा कि देश में कोई भी शिक्षण संस्थान तिरंगे का अपमान करेगा, जन गण मन नहीं गाएगा, तो फिर उनकी बहुत कुछ चीजें बंद हो जाएंगी। गौरतलब है कि हाल ही में स्कूलों में मने प्रवेशोत्सव के दौरान भी मंत्री विजय शाह ने पहली से पांचवीं तक की स्कूलों और मदरसों में राष्ट्रगान अनिवार्य करने की मांग की थी। जिस पर शिक्षा मंत्री ने फिलहाल इसकी जरूरत से इनकार कर दिया था।
मध्यप्रदेश सरकार के कैबिनेट और जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह ने बीते मंगलवार को स्कूलों में मने प्रवेशोत्सव के दौरान पहली कक्षा के साथ ही मदरसों में राष्ट्रगान और ध्वजारोहण अनिवार्य करने की मांग की थी। हालांकि उनकी इस मांग को स्कूल शिक्षा मंत्री नकार कर चुके हैं, लेकिन मंत्री विजय शाह यहीं नहीं रुके और शुक्रवार को खंडवा के अपने प्रवास के दौरान उन्होंने मदरसों को लेकर एक बार फिर से बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मीडिया से चर्चा के दौरान मदरसों पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि सवाल मदरसों का नहीं है। सवाल तो शैक्षणिक संस्था का है, सवाल तो भारत के राष्ट्र के मान सम्मान तिरंगे का है। सवाल जन गण मन के माध्यम से भारत के राष्ट्रगान का है। यहां हमारी क्रिश्चियन संस्थाएं जो पढ़ा रही हैं, वे जन गण मन करती हैं। वहां झंडावंदन होता है। तो कोई भी शिक्षण संस्था हो, हिंदुस्तान के अंदर। अगर तिरंगे का अपमान करेंगी, और जन गण मन नहीं गाएंगी तो, उनकी फिर बहुत कुछ चीजें बंद हो जाएंगी।
शिक्षा मंत्री विजय शाह की मांग को कर चुके हैं खारिज
बता दें कि मंत्री विजय शाह की इस मांग को स्कूल शिक्षा मंत्री स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने यह कहकर नकार दिया था कि किसी स्कूल या शिक्षण संस्थान में राष्ट्रगान और झंडा वंदन होने से कोई नहीं रोकता। यह प्रार्थना में होता है। इसके लिए अलग से कोई व्यवस्था की जरूरत नहीं है। यह व्यवस्था स्कूलों में है। इसके लिए अलग से किसी व्यवस्था की जरूरत नहीं है।
मंत्री शाह पहले भी कर चुके हैं इस तरह की मांग
बता दें कि कैबिनेट मंत्री विजय शाह ने राष्ट्रगान को लेकर पूर्व में दिए जाने बयान में कहा था कि मैं कुछ समय के लिए स्कूल शिक्षा मंत्री था। उस समय हमने ये आदेश निकाला था कि हर सरकारी, प्राइवेट स्कूल में झंडा वंदन होगा, जन गण मन होगा। लेकिन उस आदेश में थोड़ी सी कमी रह गई थी। वह आदेश छठवीं से 12वीं तक के विद्यालयों के लिए था। इसे पहली से लागू कर दिया जाए। मुख्यमंत्री से मेरा अनुरोध है। इस दौरान मंत्री विजय शाह ने मदरसों में भी जन गण मन का गायन और झण्डा वंदन अनिवार्य करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों में जन गण मन अनिवार्य हो। स्कूल में बच्चे जय हिंद बोलें। प्रदेश में अभी छठवीं के बाद यह नियम है। सरकारी स्कूलों में पालन हो रहा है लेकिन कुछ निजी स्कूलों में पालन नहीं हो रहा है। अब पहले से यह लागू होना चाहिए। मध्य प्रदेश के साथ पूरे देश में लागू होना चाहिए।