दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र के कुटरी गांव में शनिवार की शाम खेलने निकली चार वर्षीय मासूम गरिमा का शव अगले दिन नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बच्ची शाम को घर से बाहर खेलने गई थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद भी रातभर तलाश जारी रही, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया, जिसने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। दोपहर तक बच्ची का शव नदी के घाट के पास पानी में पड़ा मिला। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा।
हटा थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि शनिवार रात करीब 9 बजे डायल 100 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मुन्नालाल मिश्रा की नातिन गरिमा (पिता वेद प्रकाश पांडेय) शाम करीब 5 बजे मोहल्ले में खेलने गई थी, लेकिन घर नहीं लौटी। परिजनों ने पहले खुद बच्ची को गांव में खोजने की कोशिश की और फिर हटा थाना में सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी के निर्देश पर पुलिस टीम को तत्काल ग्राम कुटरी भेजा गया। पुलिस ने पूरी रात गांव, पास के जंगल और नदी में सर्च ऑपरेशन किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। थाना हटा में धारा 137 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसडीआरएफ टीम ने शव बरामद किया
रविवार सुबह होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट हर्ष कुमार जैन को सूचना दी गई। उनके निर्देशन में प्लाटून कमांडर प्राची दुबे के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम नदी में सर्च ऑपरेशन के लिए भेजी गई। नाव के माध्यम से नदी में खोजबीन की गई और दोपहर में बच्ची का शव नदी के घाट के पास पानी में मृत अवस्था में मिला।
बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह दुर्घटना है या कोई अन्य कारण इस घटना के पीछे है।