जिले के देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत आने वाले ग्वारी गांव में शनिवार की रात टीवी का प्लग लगाते समय करंट लगने से मां बेटे की मौत हो गई। परिजन दोनों को तत्काल ही इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने भी मृत घोषित कर दिया। शव को जिला अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपर्द किया जाएगा।
मृतका के परिजन राजेंद्र सिंह ने बताया की घर में टीवी का प्लग लगाते समय गीता पति तेजी सिंह लोधी 25 को करंट लग गया। उसके चीखने की आवाज सुनकर 2 वर्षीय मासूम बेटा धीरज भी मां के पास चला गया, जिससे वह भी करंट की चपेट में आ गया और दोनों बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। यह घटना घर में मौजूद एक दूसरे बच्चे ने देखी तो तत्काल ही परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने तत्काल ही जबलपुर नाका चौकी पुलिस को सूचना दी और मां, बेटे को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जबलपुर नाका चौकी प्रभारी आनंद कुमार अहिरवार ने बताया कि टीवी चालू नहीं हो रही थी और महिला ने जैसे ही टीवी का प्लग लगाया उसे करंट लग गया। इसी दौरान उसका दो वर्षीय बेटा भी करंट की चपेट में आ गया। जिला अस्पताल लाने पर दोनों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बता दें शनिवार की सुबह से दोपहर तक लगातार पूरे जिले में झमाझम बारिश होती रही। इस दौरान कई जगह करंट फैलने की घटना भी सामने आई। नया बाजार नंबर 5 कछियाना मोहल्ला में भी शनिवार की सुबह स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आने से एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई। गाय मलिक ने बताया कि उसकी गाय की कीमत करीब 50 हजार रुपए हैं और उसका दूध का व्यवसाय है। जिससे उसे काफी अधिक नुकसान हुआ है। वहीं रात में ग्वारी गांव में यह दूसरा बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जिसमें करंट की चपेट में आने से मां बेटे की मौत हो गई