फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather Report: Delhi-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी का असर, कई राज्यों बारिश अब भी जारी। IMD

Sat, 11 Oct 2025 12:55 PM IST
अभिलाषा पाठक वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम

उत्तर भारत में सर्दी का असर दिखने लगा है। दिल्ली-एनसीआर और गंगा के इलाकों में तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। दिन में धूप और हल्की, ठंडी हवाएं मिलकर एक अलग ही सर्दी का माहौल बना रही हैं, जो दिवाली से काफी पहले ही सामान्य से पहले आ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इस साल पहाड़ों पर समय से पहले हुई बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ से चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोग अपने कंबल बाहर निकालने लगे हैं और एसी और कूलर समय से पहले ही बंद कर दिए हैं।मौसम विभाग के मुताबिक शीतकालीन मौसम में शुक्रवार को पहली बार दिल्ली में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, जो ठंड के मौसम के आगमन का संकेत है। मौसम बदलने के साथ ही शहर में ठंडक का हल्का अहसास हुआ। दिल्ली में शुक्रवार को तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में 12 अक्टूबर को पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे था और उस दिन तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2023 में तीन अक्टूबर को ही दिल्ली का न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा था।


आईएमडी ने शनिवार के लिए आसमान साफ रहने तथा न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान के 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। उत्तराखंड में इस बार सर्दी ने सामान्य समय से तीन सप्ताह पहले दस्तक दी है। वर्षा के साथ उच्च हिमालयी क्षेत्र में हुए हिमपात की वजह से 10 अक्टूबर से पहले ही तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया है। गुरुवार को मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री रहा था। शुक्रवार को पंतनगर में इस मौसम पहली बार पारा 17 डिग्री पर आ गया। ठंड से पर्वतीय क्षेत्र में गरम कपड़े निकल आए हैं। आमतौर पर पश्चिमी हिमालय की पहाड़ियों पर अक्टूबर अंत या नवंबर शुरुआत में पहला हिमपात होता है। इस बार अक्टूबर पहले सप्ताह में ही पिथौरागढ़ जिले के आदि कैलास, ओम पर्वत के अलावा कुटी गांव समेत चमोली व उत्तरकाशी जिलों के ऊंचाई वाले हिस्सों में अच्छा हिमपात हुआ है। राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी हवाओं के प्रभाव के कारण राजस्थान में तापमान कम हुआ है। विभाग के अनुसार, वर्तमान में उत्तरी हवाओं के प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से दो से सात डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के सभी भागों में एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहेगा।  मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, 11 से 13 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम और केरल में   हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। 11 अक्टूबर को ओडिशा में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 11 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ में बिजली कड़कने की संभावना है। 11 अक्टूबर को नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात के शेष भागों, महाराष्ट्र के कुछ भागों,मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अधिकांश भागों और बिहार के कुछ भागों से 10 अक्टूबर, 2025 को वापस चला गया है।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें