Vice President Election 2025: उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव से पहले विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने बीजेपी पर हमला बोला है। बता दें कि, बीजेपी ने बी. सुदर्शन रेड्डी और लालू यादव की मुलाकात पर सवाल उठाया था। जिसपर अब सुदर्शन रेड्डी ने जवाब दिया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि, "उनके मन में जो आता है वो बोलते रहते हैं। लालू यादव कोई मामूली आदमी है क्या।"
उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले बी सुदर्शन रेड्डी ने RJD प्रमुख लालू यादव से मुलाकात की थी। भाजपा नेता अमित मालवीय ने बी. सुदर्शन रेड्डी की चारा घोटाले के दोषी लालू प्रसाद से मुलाकात की आलोचना की थी। उन्होंने इस मुलाकात को एक उच्च संवैधानिक पद के आकांक्षी व्यक्ति की ओर से सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी पर एक चौंकाने वाला बर्ताव बताया। उन्होंने सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की चुप्पी पर भी निशाना साधा और इसे पाखंड कहा। मालवीय ने कहा, 'इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात सेवानिवृत्त न्यायाधीशों और संवैधानिक नैतिकता के स्वयंभू संरक्षकों की चुप्पी है। उनका पाखंड उजागर हो गया है।'
वहीं, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज सुदर्शन रेड्डी विपक्ष के गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार हैं। जब कोई न्यायाधीश चुनावी अखाड़े में आता है और बड़ी-बड़ी बातें करते हैं तो सवाल उठने ही हैं। उन्होंने चारा घोटाले में दोषी राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की, आप किस तरह के सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज हैं कि आप किसी ऐसे व्यक्ति से मिल रहे हैं जो घोटाले में दोषी है? यह पाखंड है।"