उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने सोमवार को 33 जिलों में गरज-चमक, अतिभारी बारिश और वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 34 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को बाराबंकी में सबसे अधिक 118.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। बांदा, श्रावस्ती, हमीरपुर और रामपुर समेत कई जिलों में भी जोरदार बारिश हुई। अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वांचल, तराई, बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है। उधर मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र के सीकरी गांव में रविवार रात बारिश के दौरान कच्चे मकान की छत गिरने से पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।