कांग्रेस में अध्यक्ष पद की दावेदारी के लिए गांधी परिवार से फिलहाल कोई भी चुनावी मैदान में नहीं होगा। इस बात का इशारा कांग्रेस आलाकमान ने सोमवार को हुई पार्टी के चुनिंदा वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बीच किया। पार्टी में शशि थरूर के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कुछ और भी कई ऐसे नाम हैं जो अध्यक्ष पद की दावेदारी ठोक सकते हैं। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव में फिलहाल गांधी परिवार से कोई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं होगा। ऐसा तब हो रहा है जब पार्टी का एक बड़ा धड़ा राहुल गांधी को बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर देख रहा है। यही नहीं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में 'वन मैन शो' के तौर पर सिर्फ पार्टी ही नहीं बल्कि पार्टी के कद्दावर नेता भी राहुल गांधी को ही प्रमोट कर रहे हैं।