फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखीसराय में विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर पथराव

Thu, 06 Nov 2025 02:46 PM IST
आदर्श अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

बिहार विधानसभा चुनाव के बीच लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब चुनाव प्रचार के दौरान उपमुख्यमंत्री व भाजपा प्रत्याशी विजय कुमार सिन्हा के काफिले का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया। इस दौरान भीड़ ने नारेबाज़ी की, चप्पलें और यहां तक कि गोबर तक फेंक दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें “विजय कुमार सिन्हा मुर्दाबाद” के नारे स्पष्ट सुने जा सकते हैं। इस घटना का आरोप राजद समर्थकों पर लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, विजय कुमार सिन्हा चुनाव प्रचार के लिए लखीसराय के हलसी प्रखंड के खुड़ियारी गांव पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ ने उनकी गाड़ी को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। विरोध इतना तीखा हो गया कि सुरक्षाबलों को हस्तक्षेप करना पड़ा और भीड़ को पीछे हटाना पड़ा। फिलहाल घटना में किसी तरह के घायल होने की सूचना नहीं है।

बूथ कैप्चरिंग की सूचना के बाद पहुंचे थे अधिकारी

घटना की शुरुआत बूथ संख्या 404 और 405 पर शकास्पद मतदान गतिविधियों की शिकायत मिलने से हुई। बूथ कैप्चरिंग की सूचना पर एसपी अजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से जारी रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा बलों ने गांव में फ्लैग मार्च कर लोगों में विश्वास बनाने की कोशिश की। इसी दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद विरोध की स्थिति तेज हो गई।

विजय कुमार सिन्हा का आरोप – “राजद के गुंडे कर रहे हैं माहौल खराब”

घटना के बाद मीडिया से बातचीत में विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भीड़ में “राजद समर्थित गुंडे” मौजूद थे, जो उन्हें गांव में प्रवेश करने नहीं देना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया, “उन्होंने मेरे पोलिंग एजेंट को धमकाकर बूथ से भगा दिया और उसे वोट नहीं डालने दिया। उन्हें पता है कि एनडीए फिर सत्ता में आ रही है, इसलिए बौखलाहट में ये लोग इस तरह की हरकतें कर रहे हैं।” सिन्हा ने यह भी कहा कि चुनाव के बाद “कानूनी कार्रवाई के साथ सख्त कदम उठाए जाएंगे।”

पुलिस ने कहा – स्थिति नियंत्रण में, जांच जारी

पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। अतिरिक्त सुरक्षा बल गांव में तैनात कर दिया गया है, ताकि मतदान प्रक्रिया प्रभावित न हो। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना चुनावी माहौल में बढ़ती गर्मी और सियासी टकराव की एक झलक भी पेश करती है, जहां चुनाव प्रचार अब आम मतदाता से जुड़ाव के बजाय जमीन पर शक्ति परीक्षण जैसा दिखने लगा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें