सिक्किम सुरंग हादसा: नामची जिले में निर्माणाधीन सुरंग में मीथेन गैस रिसाव और भूस्खलन के बाद कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। शुरुआती जानकारी में 17 मजदूरों के फंसने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में यह संख्या 27 तक पहुंचने की आशंका जताई गई। वहीं, 7 लोगों की मौत की खबर है। हालांकि जिला प्रशासन ने अभी फंसे लोगों की अंतिम संख्या की पुष्टि नहीं की है और रिकॉर्ड का मिलान जारी है।
जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण राहत एवं बचाव अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन दल और विशेषज्ञ टीमें गैस मास्क व विशेष उपकरणों के साथ अभियान चला रही हैं। प्रशासन का कहना है कि सुरंग के भीतर का वातावरण सुरक्षित बनाने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी, ताकि बिना अतिरिक्त जोखिम के मजदूरों तक पहुंचा जा सके।