Samastipur BJP Leader Rupak Sahni Murder: बिहार के समस्तीपुर जिले में भाजपा नेता की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान स्थानीय रूपक सहनी के रूप में हुई है। मृतक रूपक सहनी भाजपा जिला आईटी सेल के संयोजक दीपक सहनी के छोटे भाई थे और वह स्वयं भाजपा के बूथ अध्यक्ष भी थे।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। इस घटना को लेकर अब राजनीति भी शुरु हो गई है। भाजपा नेता की हत्या के मामले पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है, आपसी विवाद का मामला सामने आया है और तत्काल वहां के थाना प्रभारी को सस्पेंड भी किया गया है। जहां भी कोई घटना घट रही है, पुलिस त्वरित कार्रवाई भी कर रही है और शीघ्र लोगों को गिरफ्तार करके जेल में भी डाल रही है।"
वहीं, JDU नेता नीरज कुमार ने कहा, "समस्तीपुर में आपसी विवाद में दुखद हत्याकांड हुआ। 4 घंटे के अंदर पुलिस ने गिरफ्तारी कर ली। 3 अभियुक्त गिरफ्तार हो गए पूर्व में भी दोनों परिवारों के बीच विवाद रहा है, मुकदमा भी किया गया है। SHO को सस्पेंड कर दिया गया है और गंभीरता से मामले की आगे की जांच की जा रही है। आवेदन आने के बाद स्पष्ट होगा कि आपसी विवाद किस स्तर का था।"