Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर एक युवक ने बुधवार को हमला कर दिया। ये घटना तब हुई जब वे सीएम आवास में जनसुनवाई कर रही थीं। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि दिल्ली सीएम पर हमला करने वाला आरोपी राजेश भाई खिमजी भाई सकारिया गुजरात के राजकोट का रहने वाला है। गुजरात के राजकोट शहर में कोठारिया रोड स्थित गोकुल पार्क में अपनी पत्नी, बेटे और माता-पिता के साथ रहता है। आरोपी की मां भानुबेन ने बताया कि वह किसी राजनैतिक दल से जुड़ा हुआ नहीं है। वह जानवरों को प्रेम करता है। दिल्ली में आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश से वह परेशान था और इसी आदेश को लेकर एक विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए वह दिल्ली गया था। भानुबेन ने कहा कि आज की घटना के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
वहीं, दिल्ली पुलिस द्वारा मांगी गई जानकारी की पुष्टि के लिए राजकोट पुलिस आरोपी राजेश खिमजी के घर पहुंची। जहां उन्होंने आरोपी के परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान आरोपी राजेश खिमजी के पड़ोसी सुरेशभाई ने भी राजेश के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मैं उसे पिछले 5-6 वर्षों से जानता हूँ। वह एक सरल और उदार व्यक्ति है जिसे जानवरों से बहुत प्यार है।