देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम लोगों की जेब पर बड़ा असर डालना शुरू कर दिया है। सोमवार को तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है, जब ईंधन महंगा हुआ है। वहीं आम जनता ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोगों का कहना है कि विश्व में जिस तरह के हालात हैं, उसके मुकाबले दाम कम बढ़े हैं, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि महंगाई ने उनका बजट बिगाड़ कर रख दिया है। अब राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर पहुंच चुका है। इससे पहले शनिवार को भी कीमतों में 87 से 91 पैसे तक का इजाफा किया गया था। विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, कमजोर होता रुपया और बढ़ती आयात लागत इसकी मुख्य वजह हैं। लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों का असर अब परिवहन और रोजमर्रा की दूसरी जरूरी चीजों पर भी पड़ सकता है।