Bihar Election 2025: बिहार में इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासत गरमाई हुई है। चुनाव की तारीखों के एलान से पहले ही NDA के साथ-साथ महागठबंधन ने भी अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी है। इस बीच, सीएम नीतीश ने बिहार की जनता को बड़ी राहत दी। सीएम नीतीश ने राज्य में 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है। इसपर अब अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने निशाना साधा है।
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने बिहार सीएम नीतीश कुमार के पहली बार 125 यूनिट तक की मुफ्त बिजली देने की घोषणा की सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार सीएम को ‘केजरीवाल मॉडल’ की बढ़ती लोकप्रियता और प्रभाव के कारण ही बिजली को लेकर घोषणा करनी पड़ी है। जिससे एक बात स्पष्ट हो जाती है कि आम आदमी पार्टी की एंट्री से इस बार का चुनाव जनहित के मुद्दों पर लड़ा जाएगा। अनुराग ढांडा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने देश की राजनीति को एक नई दिशा दी। इसी कारण आज देश की जनता मुफ्त बिजली, अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दें रही है। आज बिहार में भी इसी केजरीवाल मॉडल की छाया देखने को मिल रही है।
इसके साथ ही अनुराग ढांडा ने नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह 20 साल से प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं, लेकिन बिहार की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। हर दिन हत्याएं हो रही हैं, जनता भय के माहौल में जी रही है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जो खुद को सुशासन बाबू कहते थे, आज पूरी तरह बीजेपी के हाथों की कठपुतली बन चुके हैं।