सर्जिकल स्ट्राइक के दो साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोधपुर पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने मिलिट्री स्टेशन पहुंचकर कोणार्क स्टेडियम में शहीदों को श्रद्धांजलि दी और हथियारों की प्रदर्शनी 'पराक्रम पर्व' का उद्घाटन किया। इससे पहले पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर सैनिकों के लिए संदेश भी लिखा। इस मौके पर उनके साथ रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और जोधपुर के सांसद केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी मौजूद थे। साल 2016 में 28-29 सितंबर की रात में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी।