महाराष्ट्र के नागपुर में खापरखेड़ा से कोराड़ी मंदिर का एक निर्माणाधीन गेट का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के समय वहां काम कर रहे कुछ मजदूर मलबे में फंस गए। 17 लोग घायल हैं। मौके पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और पुलिस की टीमों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ जिला कलेक्टर विपिन इटंकर और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस निकेतन कदम खुद इस ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। जिला कलेक्टर ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील करते हुए कहा कि हादसे में लगभग 15 से ज्यादा मजदूर घायल हुए हैं। एक अधिकारी ने बताया, 'स्लैब गिरने की वजह अभी पता नहीं चल सकी है। विशेषज्ञ जल्द ही मौके का मुआयना करेंगे ताकि हादसे की वजह का खुलासा हो सके।'वहीं खबरों की मानें तो घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर नजर रखे हुए हैं। इस हादसे ने स्थानीय लोगों में दहशत पैदा कर दी है और सभी घायलों के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बचाव कार्य में सहयोग करें। मंदिर के निर्माणाधीन गेट का स्लैब गिरने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसकी पूरी जानकारी सामने आएगी। फिलहाल JCB की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। बता दें कि महाराष्ट्र के कई इलाकों में इन दिनों भारी बारिश हो रही है। बारिश के चलते अलग-अलग इलाकों से दुर्घटना की खबरें भी सामने आई हैं। नागपुर में भी पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है जिससे कई इलाकों में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है