Kangana Ranaut on Rahul Gandhi: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा सांसद कंगना रनौत ने बड़ा बयान दिया है। तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने पलटवार करते हुए तीखा जवाब दिया है।
दरअसल, राहुल गांधी की आगामी जर्मनी यात्रा को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पांच दिनों के जर्मनी दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वह भारतीय समुदाय से मिलेंगे और जर्मन मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। राहुल गांधी के इस दौरे की टाइमिंग को लेकर बीजेपी हमलावर हो गई है।
बीजेपी सांसद कंगना रनौत से जब राहुल गांधी के जर्मनी दौरे के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, "यह सबके लिए बहुत प्रत्यक्ष है कि क्यों उनकी पार्टी एकल अंक पर आ गई है, इस तरह के किरदार पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती क्योंकि उस व्यक्ति में कोई दम नहीं है, चरित्र में कोई ताकत नहीं है इसलिए मेरे पास कहने के लिए कुछ नहीं है।"
बीजेपी के सवालों पर राहुल की बहन और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने पलटवार किया है। प्रियंका गांधी ने राहुल की जर्मनी यात्रा पर भाजपा की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि जब पीएम मोदी आधा समय विदेश में बिताते हैं तो विपक्ष के नेता पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं।