इंडिगो की मुंबई-कोलकाता फ्लाइट 6E138 में शुक्रवार को एक यात्री ने दूसरे यात्री को थप्पड़ मार दिया। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी को कोलकाता एयरपोर्ट की सुरक्षा टीम को सौंप दिया गया। सीआईएसएफ ने जांच के लिए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। वहीं, एयरलाइन ने आरोपी को उपद्रवी घोषित कर दिया। सोशल मीडिया पर शेयर वीडियो में एक यात्री को अचानक खड़े यात्री को थप्पड़ मारते देखा जा सकता है। केबिन क्रू ने आरोपी को रोकने की कोशिश की। इसके बाद पीड़ित यात्री रोने लगा। एक यात्री ने कहा कि पीड़ित को पैनिक अटैक आया था। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि हमें अपनी उड़ान में हुई मारपीट की घटना की जानकारी मिली है। ऐसा अभद्र व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है। हम इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। प्रोटोकॉल के अनुसार, सभी संबंधित नियामक एजेंसियों को विधिवत सूचित कर दिया गया है।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक यात्री अपनी सीट पर बैठा हुआ है और अचानक बगल में खड़े एक अन्य यात्री को जोरदार थप्पड़ मार देता है। थप्पड़ लगते ही पीड़ित यात्री रोने लगता है और उसे वहां से हटा दिया जाता है। वीडियो में एक केबिन क्रू सदस्य को आरोपी को कहते हुए सुना जा सकता है ऐसा मत करिए। वहीं, एक अन्य यात्री आरोपी से पूछता है, "आपने उसे क्यों मारा? आपको किसी को मारने का कोई हक नहीं है।
घटना के बाद इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि उन्होंने संबंधित यात्री की पहचान कर ली है और मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। एयरलाइन ने कहा कि हम उड़ानों के दौरान अनुशासनहीन और आक्रामक व्यवहार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करते। इस व्यक्ति को हमारे सभी विमानों से बैन कर दिया गया है। एयरलाइन ने बताया कि यह फैसला नियमों के तहत सभी जांच के बाद लिया गया है। घटना की सूचना डीजीसीए सहित अन्य संबंधित एजेंसियों को दी गई है और कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इंडिगो ने यात्रियों से संयम बनाए रखने और उड़ान के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।