भारी से भारी बारिश के रेड अलर्ट के बीच रविवार को मंडी और चंबा जिले में बादल फटने से 38 बीघा जमीन और पांच पुल बह गए हैं। चंबा में एक घराट पानी के बहाव में बह गया। हमीरपुर में एक महिला खड्ड में बह गई है। उपमंडल बड़सर में गुरु का बण में शुक्कर खड्ड के किनारे मजदूर पत्थर उठाने का काम कर रहे थे।
अचानक खड्ड में पानी बढ़ा और वहां काम कर रही बिहार की रहने वाली किरण (30) बह गईं। देर शाम तक महिला का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सुबह बारिश के चलते कांगड़ा हवाई अड्डे पर दो उड़ानें रद्द करनी पड़ी। दोपहर बाद की तीन उड़ानें समयानुसार हुईं। शिमला-नई दिल्ली के लिए हवाई उड़ानें नियमित रूप से चलीं।
मंडी जिले की ग्राम पंचायत शिल्हबधाणी के गांव कोतरंग में शनिवार देर रात बादल फटने से तीन पैदल पुल और एक वाहन योग्य पुल बह गया। कोतरंग के लोगों की नाले के साथ लगती 50 बीघा जमीन भी बह गई है। चंबा के चुराह उपमंडल में रविवार सुबह नौ बजे कठवाड़ नाले में बादल फटा।