बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल किया गया, जिसको लेकर एक नई सियासी बहस छिड़ गई है। भाजपा और एनडीए के कई नेताओं ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया है। तो वहीं, दूसरी तरफ अब इस मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं ने भी बड़ा बयान दिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा कि, यह टिप्पणी भाजपा के एजेंट ने ही की है। वे केवल मुद्दा बनाना चाहते हैं ताकि हमारी यात्रा से ध्यान भटका सकें।
दरभंगा में महागठबंधन के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी वाले एक वायरल वीडियो पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि, "यह टिप्पणी इन्हीं के एजेंट ने की है। वे केवल मुद्दा बनाना चाहते हैं ताकि हमारी वोटर अधिकार यात्रा से ध्यान भटका सकें। इनकी चोरी पकड़ी गई है इसलिए यह लोग बौखलाए हुए हैं। वह व्यक्ति कौन है जो गिरफ्तार हुआ, वह किसका आदमी है, आप पता लगाइए... जनता सब देख रही है और पूरा देश भाजपा की गुंडागर्दी देख रही है..."
वहीं, कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "मैंने उस वीडियो देखा और सुना नहीं है लेकिन मैंने जो उसके बारे में सुना है मैं उस पर कहती हूं कि चाहे किसी की भी मां हो वो पूजनीय हैं और हम जैसे लोग जो सोनिया जी और इंदिरा जी को अपनी मां मानते हैं हमारे यहां महिला को पूजा जाता है। उस मंच पर हमारे कोई नेता नहीं थे अगर किसी ने ऐसी हरकत की है तो उस पर कार्रवाई की जाए..."