भारतीय जनता पार्टी के बाद कांग्रेस ने भी कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस ने 10 मई को होने वाले चुनाव से ठीक पहले जारी घोषणा पत्र में जनता के सामने पार्टी के संकल्पों को रखा। कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष ने संकल्प पत्र जारी करते हुए कहा कि नफरती संगठनों पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता सिद्धारमैया, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं, बीते दिन बीजेपी ने भी अपना संकल्प पत्र जारी किया था। दोनों ही पार्टियों ने जारी घोषणा पत्र में अपनी ओर से जनता को लुभाने की पूरी कोशिश की है।