फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव के हॉट एयर बैलून में लगी आग, कलेक्टर अदिति गर्ग ने किया इनकार

Sat, 13 Sep 2025 04:22 PM IST
आदर्श वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार सुबह गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट में हुए एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। दरअसल, सीएम हॉट एयर बैलून की सवारी करने पहुंचे थे, लेकिन तेज हवा और अचानक लगी आग ने हालात तनावपूर्ण बना दिए। गनीमत रही कि सुरक्षा गार्ड और स्टाफ ने तत्काल स्थिति को काबू में कर लिया और किसी प्रकार की अनहोनी नहीं हुई। मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन यादव हिंगलाज रिसॉर्ट में रात बिताने के बाद सुबह हॉट एयर बैलून की सवारी करने पहुंचे। उस समय हवा की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा थी। यही वजह रही कि बैलून उड़ान नहीं भर सका। इसी दौरान उसके निचले हिस्से में अचानक आग लग गई। मौके पर मौजूद स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल आग बुझाई और ट्रॉली को संभाला, जिसमें मुख्यमंत्री मौजूद थे।

आग लगने के बाद स्थिति थोड़ी गंभीर हो गई थी, लेकिन स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीएम समेत अन्य जनप्रतिनिधियों को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि बैलून उड़ान भरने से पहले ही आग लग गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने चंबल नदी की सैर की और बोटिंग का आनंद लिया। बोट में बैठकर उन्होंने नदी की प्राकृतिक सुंदरता का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री के साथ सांसद सुधीर गुप्ता, गरोठ विधायक चंदर सिसोदिया, कमिश्नर आशीष सिंह, आईजी उमेश जोगा, कलेक्टर अदिति गर्ग, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने बाइक बोट की सवारी भी की। पानी की लहरों पर बाइक बोट चलाते हुए वे काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी बल्कि प्रदेश की प्राकृतिक धरोहरों को देखने और समझने का अवसर भी प्रदान करेंगी।

मुख्यमंत्री ने सफारी जीप से बैलून स्थल का रुख किया। रास्ते में उन्होंने टेंट सिटी का अवलोकन किया और वहां की पर्यटन सुविधाओं की जानकारी ली।

घटना के बाद कलेक्टर अदिति गर्ग ने कहा कि एयर बैलून की पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा के सभी मानकों का पालन किया गया। उन्होंने कहा कि, “हॉट एयर बैलून गर्म हवा से उड़ता है। उड़ान भरने से पहले हवा को गर्म किया जाता है। मुख्यमंत्री जी केवल एयर बैलून देखने पहुंचे थे। इस दौरान किसी प्रकार की सुरक्षा में चूक नहीं हुई है।”

यह पूरा घटनाक्रम उस समय हुआ जब मुख्यमंत्री प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गांधीसागर फॉरेस्ट रिट्रीट पहुंचे थे। तेज हवा और अचानक आग ने एक पल के लिए अफरा-तफरी जरूर मचा दी, लेकिन सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्थिति को संभाल लिया गया।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें