Rajasthan Madhya Pradesh Cough Syrup Deaths: मध्य प्रदेश और राजस्थान में सर्दी खांसी की दवाओं से बच्चों की मौत की आशंका जताई जा रही है। दोनों राज्यों में अब तक 11 बच्चों की मौत हुई है और इन मौतों को कफ सिरप से जोड़ा जा रहा है। सबसे ज्यादा मौतें मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में दर्ज की गई हैं। कप सिरप पीने से छिंदवाड़ा जिले में किडनी फेल होने से पिछले 20 दिनों में नौ बच्चों की मौत हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर बच्चों ने नागपुर के निजी अस्पतालों में दम तोड़ा। जबकि राजस्थान में दो बच्चों की मौत हो चुकी है और कई बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दोनों राज्यों में शुरुआती जांच में खांसी की दवा को कारण माना जा रहा है। इस घटना के सामने आने के बाद ड्रग कंट्रोलर ने सिरप के यूज पर तत्काल रोक लगा दी है और आगे की जांच के लिए इसको लैब में भेजा गया है। इसके साथ ही डॉक्टर्स को सलाह दी गई है कि वे इन सिरप को मरीजों को न लिखें।
मध्य प्रदेश के साथ ही राजस्थान में भी कफ सिरप पीने से दो बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में सिरप के सेवन से किडनी फेलियर को प्रमुख कारण माना जा रहा है। राजस्थान में जिस खांसी की दवा को पीकर बच्चों की तबियत बिगड़ी है, उसका नाम डेक्स्ट्रोमेथोर्फन हाइड्रोब्रोमाइड सिरप है।