फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्राजील की मॉडल ने हरियाणा चुनाव में 22 बार डाले वोट? राहुल का दावा

Wed, 05 Nov 2025 03:57 PM IST
आदर्श अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बार फिर वोट चोरी के अपने आरोप दोहराए। उन्होंने कहा कि यह केवल स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि सेंट्रलाइज तरीके से चलाया गया ऑपरेशन है। राहुल ने दावा किया कि हरियाणा में करीब 25 लाख वोट चोरी हुए हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में राहुल गांधी ने कई राज्यों के एग्जिट पोल और असल नतीजों की तुलना प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि हरियाणा, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में एग्जिट पोल कांग्रेस को मजबूत दिखा रहे थे, लेकिन नतीजे इसके उलट आए, जिसके बाद लगातार कई शिकायतें मिलने लगीं।

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक महिला की तस्वीर भी दिखाई। उन्होंने दावा किया कि यह महिला ब्राजील की मॉडल है, जिसने हरियाणा में अलग-अलग नामों से 10 जगहों पर 22 बार वोट डाला। उन्होंने कहा “ये केवल एक बूथ की गड़बड़ी नहीं है। यह सेंट्रल ऑपरेशन है, जिसे व्यवस्थित तरीके से अंजाम दिया गया।”

राहुल के अनुसार:
    •    हर 8 में से 1 वोटर नकली पाया गया,
    •    हरियाणा में 1 लाख से ज्यादा मतदाताओं की पहचान संदिग्ध है।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के पास जो दस्तावेज हैं, उन्हें ‘H फाइल्स’ नाम दिया गया है। उन्होंने कहा “हमने पहले मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भी ऐसा महसूस किया था, लेकिन हमने हरियाणा पर फोकस करके पूरे सबूत इकट्ठे किए। अब तस्वीर साफ हो रही है कि यह राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर संचालित की गई योजना है।”


इससे पहले राहुल गांधी ने एक सितंबर को कहा था कि वे जल्द ही “वोट चोरी पर हाइड्रोजन बम” फोड़ेंगे। उन्होंने महादेवपुरा मामले को “सिर्फ एटम बम” बताते हुए कहा था कि असली खुलासा अभी बाकी है।

वोटर अधिकार यात्रा के दौरान उन्होंने भाजपा पर संविधान को कमजोर करने की साजिश का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था “जिन ताकतों ने गांधी जी की हत्या की, वही अब भारत के संविधान को खत्म करना चाहती हैं।”

राहुल गांधी की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। भाजपा की तरफ से अब तक इस पर औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सियासी टकराव और तेज होगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें