Bihar Election 2025: विधानसभा चुनाव को लेकर बिहार में हलचल तेज हो गई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि, चिराग पासवान भी सीएम बनने का सपना देख रहे है। इस बीच, लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास पासवान) ने चिराग पासवान को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बड़ा दावा ठोक दिया है। अमर उजाला से खास बातचीत में चिराग पासवान के जीजा और लोकसभा में लोजपा के मुख्य सचेतक अरुण भारती ने साफ कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी से चिराग पासवान को बिहार का मुख्यमंत्री चेहरा बनाने की मांग करेंगे।
नीतीश कुमार इस समय बिहार के मुख्यमंत्री हैं और एनडीए खेमे के नेता बार-बार यह भी कह रहे हैं कि वे बिहार विधानसभा का अगला चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में लड़ने जा रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी यही कयास लगाए जा रहे हैं कि नीतीश कुमार के स्वास्थ्य और उम्र को देखते हुए चुनाव के बाद मुख्यमंत्री पद पर किसी और को बिठाया जा सकता है। अटकलें हैं कि इस पद का अगला दावेदार भाजपा से निकल सकता है। लेकिन भाजपा की राह इतनी आसान नहीं होने वाली है। खुद जदयू इसके लिए कभी तैयार नहीं होगी कि नीतीश कुमार की जगह भाजपा का कोई नेता ले।
दूसरी बात, एनडीए खेमे के ही कई दूसरे दावेदार भी हैं जो 'नीतीश युग के बाद' के समीकरणों में अपने आपको मजबूत बनाने की कोशिश में जुट गए हैं। ऐसे में चिराग पासवान भी उन नेताओं में शामिल हैं जो बिहार का मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं।