ओडिशा के बालासोर में यौन उत्पीड़न से परेशान होकर आत्मदाह करने वाली छात्रा की मौत के बाद ओडिशा में बवाल मचा हुआ है। छात्रा की मौत के विरोध में राज्य में जगह-जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। बुधवार को राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बीजद ने बालासोर बंद का आह्वान करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज व पानी की बौछार की और आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई बीजद कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया। वहीं पुलिस के साथ हुई झड़प में दो पूर्व मंत्रियों सहित बीजद के कई कार्यकर्ता और नेता घायल हो गए। बालासोर की घटना को लेकर आत्मदाह करने वाली पीड़िता के पिता का दर्द छलक पड़ा।
बालासोर के एक कॉलेज में 20 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद बीजू जनता दल प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने इस घटना की न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने दावा किया कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है। एएनआई से बात करते हुए मोहंती ने दावा किया कि अधिकारी छात्रा की शिकायत को नजरअंदाज करते रहे, जिसके बाद उसके पास आत्मदाह करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को ओडिशा के बालासोर जिले में खुद को आग लगाने के बाद जान देने वाली कॉलेज छात्रा के पिता से फोन पर बात की और उन्हें न्याय की लड़ाई में सहयोग का आश्वासन दिया।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'ओडिशा के बालासोर में न्याय की लड़ाई में अपनी जान गंवाने वाली बहादुर बेटी के पिता से बात की। उनकी आवाज में मैंने उनकी बेटी के दर्द, सपनों और संघर्ष को महसूस किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि कांग्रेस और मैं हर कदम पर उनके साथ हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'जो हुआ वह न केवल अमानवीय और शर्मनाक है, बल्कि पूरे समाज के लिए एक घाव है। हम हर संभव तरीके से यह सुनिश्चित करेंगे कि पीड़ित परिवार को पूरा न्याय मिले।'