Arvind Kejriwal on SSC Students Protest: एसएससी भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और कुप्रबंधन को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर लखनऊ, पटना और जयपुर तक छात्रों ने प्रदर्शन करते हुए पारदर्शी और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग उठाई है। इस बीच, दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का इस मामले पर बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि, देश का युवा सड़क पर है और लाठियां खा रहा है। क्योंकि वो अपने भविष्य के लिए सवाल पूछ रहा है। युवा पूछ रहा है, कब तक सिस्टम उसकी मेहनत का मजाक उड़ाएगा? अब जवाब देना पड़ेगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे एसएससी के छात्रों के मामले पर एक्स पर पोस्ट किया है। अरविंद केजरीवाल ने 2 अगस्त को अपने ट्वीट में लिखा, "देश का युवा सड़क पर है, लाठियाँ खा रहा है, क्योंकि वो अपने भविष्य के लिए सवाल पूछ रहा है। SSC की परीक्षाएं लाखों युवाओं की ज़िंदगी बदल सकती हैं, लेकिन जब प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में हो तो भरोसा कैसे बचेगा?" केजरीवाल ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, " दरअसल युवाओं पर ये लाठी नहीं चली, बल्कि देश के युवाओं के सपनों और उम्मीदों पर वार हुआ है। युवा पूछ रहा है, कब तक सिस्टम उसकी मेहनत का मज़ाक उड़ाएगा? अब जवाब देना पड़ेगा।"