फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Anant Singhh Arrested: दुलारचंद केस में मोकामा से JDU प्रत्याशी की गिरफ्तारी, बढ़ी मुश्किलें।

वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम Updated Sun, 02 Nov 2025 10:33 AM IST

मोकामा के दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना पुलिस ने पूर्व विधायक और जदयू उम्मीदवार अनंत सिंह को बाढ़ के कारगिल मार्केट से गिरफ्तार कर लिया है. इससे पहले उनके सरेंडर की संभावना जताई जा रही थी और इसी सूचना पर एसएसपी कार्तिकेय शर्मा की टीम उनके घर पहुंची थी. गिरफ्तारी के बाद पुलिस अपने साथ उन्हें पटना लेकर चली गई और रात में ही जेल में शिफ्ट कर दिया गया फिर रविवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा. पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के नेतृत्व में करीब 150 पुलिसकर्मी जब उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची तो वे पहले से ही तैयार बैठे थे. पुलिस के पहुंचते ही वे उनके साथ सफेद स्कॉर्पियो पर बैठकर चलते बने.इस दौरान किसी समर्थक ने किसी प्रकार का कोई हल्ला हंगामा नहीं किया. इस हत्याकांड के बाद मृतक दुलारचंद यादव के पोते ने अनंत सिंह समेत 4 के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करवायी थी. उसके बाद में जनसुराज के प्रत्याशी पियूष प्रियदर्शी ने 6 लोगों के खिलाफ एफआईआर करवायी थी. वहीं, पुलिस ने अपनी जांच के आधार पर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की थी.बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह को आखिर गिरफ्तार कर लिया गया है।

सत्तारूढ़ जनता दल यूनाईटेड के लिए यह बड़ा झटका है, क्योंकि अनंत सिंह मोकामा विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन समर्थित जदयू प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। अनंत सिंह की विधायकी पिछली बार एक मामले में सजा मिलने पर गई थी। विधायकी जाने के बाद अनंत सिंह ने अपनी पत्नी नीलम देवी को चुनाव में उतारा था। वह उप चुनाव में विधायक बनी थीं। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पटना हाईकोर्ट से बरी होने के बाद अनंत सिंह इस बार मैदान में थे, लेकिन गुरुवार को दुलारचंद यादव की हत्या मामले में नामजद प्राथमिकी के बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।मोकामा टाल में राष्ट्रीय जनता दल के कई दशकों से मजबूत चेहरा रहे दुलारचंद यादव पिछले दिनों प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पियूष प्रियदर्शी के साथ आए गए थे। दुलारचंद यादव गुरुवार को प्रियदर्शी के प्रचार काफिले में थे, तभी जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह के काफिले से उनका सामना हो गया।

दोनों काफिले में शामिल लोगों के बीच तनातनी और फिर पथराव की घटना हुई। इसी दरम्यान आरोप है कि अनंत सिंह और उनके समर्थकों ने पहले दुलारचंद यादव को पैर में गोली मारी और फिर गाड़ी से कुचल दिया।इस मामले में दुलारचंद यादव के पोते की ओर से दर्ज प्राथमिकी में अनंत सिंह भी नामजद हैं। अनंत सिंह के समर्थकों की ओर से भी एक प्राथमिकी दर्ज कर दूसरे पक्ष पर पथराव-मारपीट का आरोप लगाया गया था। इसके अलावा एक प्राथमिकी पुलिस ने चुनाव के मद्देनजर दर्ज की थी। प्राथमिकी में नाम और मौके पर मौजूदगी को देखते हुए चुनाव आयोग के निर्देश पर बिहार पुलिस ने गुरवार-शुक्रवार मध्य रात्रि बाढ़ के कारगिल मार्केट से अनंत संह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे।गुरुवार को दोपहर दुलारचंद यादव हत्याकांड के बाद से ही मोकामा में भारी तनाव है। शुक्रवार को दुलारचंद यादव के शव की अंतिम यात्रा के दौरान भी दोनों पक्षों में पथराव की घटना हुई थी। अनंत सिंह की गिरफ्तारी की मांग लगातार बढ़ रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वही बात सामने आई, जो प्राथमिकी में कही गई थी। यानी, गोली मारने और कुचल कर हत्या किए जाने की।


इस बीच, शनिवार शाम अनंत सिंह ने 48 घंटे बाद फिर चुनाव प्रचार शुरू कर दिया था। प्रचार शुरू करने के कुछ ही घंटे बाद अनंत सिंह को भारी तनाव के बीच गिरफ्तार करने के लिए पटना से पुलिस पहुंची थी। गिरफ्तारी के बाद अब इलाके में और ज्यादा तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसे देखते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात हुई अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद समाचार एजेंसी एएनआई से टेलीफोन पर बातचीत के दौरान पीयूष ने कहा, 'यह एक अच्छा कदम है, लेकिन अगर वे पहले कार्रवाई करते तो अच्छा होता। आज वह 50 वाहनों के काफिले में घूम रहे थे और चुनाव प्रचार में भी शामिल हुए।'

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें