फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amir Khan Muttaqi Visits Deoband: आमिर खान मुत्ताकी ने देवबंद का दौरा किया, हदीस का सबक पढ़ा

Sun, 12 Oct 2025 05:02 AM IST
सत्यम दुबे वीडियो डेस्क, अमर उजाला डॉट कॉम

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी छह दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं। उन्होंने शुक्रवार विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की और शनिवार को भारत के प्रमुख इस्लामी शिक्षण संस्थान दारुल उलूम पहुंचे। जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। दारुल उलूम पहुंचकर मुत्ताकी ने संस्था के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी से हदीस का सबक पढ़ा और उसे पढ़ाने की इजाजत ली। इजाजत मिलने पर उन्हें हदीस-ए-सनद दी गई। यानी अब अमिर खान मुत्ताकी अपने नाम के आगे मौलाना और कासमी लिख सकेंगे। 

बता दें कि इस कार्यक्रम में 15 प्रमुख उलमा मौजूद रहे। मोहतमिम मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी की देखरेख में कार्यक्रम की तैयारी की गई थी। मुत्ताकी के स्वागत के दौरान छात्रों ने भी उत्साह दिखा। हदीस की सनद मिलते ही मुत्ताकी का नाम आधिकारिक रूप से बदल गया। अब वे ‘मौलाना आमिर खान मुत्ताकी कासमी’कहलाएंगे। सबक पढ़ने के बाद उनके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। संस्था के उलमा ने उन्हें सम्मानित किया और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।   

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मौलाना आमिर खान मुत्ताकी ने देवबंद दौरे के दौरान भारत और अफगानिस्तान के बीच बेहतर रिश्तों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत आने का उद्देश्य दोनों देशों के बीच राजनीतिक और व्यापारिक कड़ी को मजबूत करना है। दारुल उलूम पहुंचे मौलाना आमिर खान मुत्ताकी ने कहा कि  मैं भारत इसलिए आया हूं ताकि हम भविष्य के रिश्तों को मजबूती देने पर बात कर सकें। सरकार के नुमाइंदों से खुशगवार माहौल में बातचीत हुई है, और उम्मीद है कि आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्ते और मधुर होंगे।

भारत आए अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने कहा कि वो भारत की राजधानी दिल्ली में आकर बेहद खुश हैं। यह उनका भारत का पहला दौरा है बतौर विदेश मंत्री। उन्होंने भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर और भारत सरकार की गर्मजोशी और मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद दिया। मुत्ताकी ने बताया कि दोनों देशों के बीच कई अहम मुद्दों पर विस्तृत बातचीत हुई, जिसमें आर्थिक, राजनीतिक, राजनयिक, क्षेत्रीय और सुरक्षा से जुड़े विषय शामिल थे। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें