हरोली में दो माह पहले तीन बाइक सवारों ने युवती से छीना था मोबाइल
अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। करीब दो माह पहले हरोली में एक युवती के साथ चाकू की नोक पर हुई लूट के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्त में लिया है। गिरफ्त में आए आरोपी की पहचान अरुण (20) निवासी सराहला राणुआन तहसील बंगा एसबीएस नगर पंजाब के तौर पर हुई। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की रिमांड पर भेजा गया। जानकारी के अनुसार दो माह पहले हरोली में सुबह के समय अपने घर से ऊना जाने के लिए युवती पैदल बस अड्डे हरोली की ओर आ रही थी। इसी दौरान तीन अंजान युवकों ने बाइक पर सवार होकर युवती का पीछा किया व अकेला पाकर एक युवक ने चाकू निकाल कर युवती को डराया। आरोपियों ने चाकू की नोक पर युवती का एक 18 हजार कीमत का मोबाइल छीन लिया और भाग गए। युवती डर के मारे पहले घर गई और बाद में हिम्मत जुटाकर रिपोर्ट करने थाना पहुंची। जहां पर थाना प्रभारी सुनील सांख्यान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया। पुलिस ने युवती से सारी जानकारी जुटाकर पहले आरोपियों का रूट पता किया। पुलिस ने पिछले कई दिनों के कैमरे खंगालकर एक पुरानी फुटेज से बाइक का मिलान करते हुए आरोपियों का हुलिया पता लगाया। बाइक मालिक की पहचान कर थाना प्रभारी के नेतृत्व में हरोली पुलिस टीम ने पंजाब के होशियारपुर जिला के बिंजो गांव में दबिश देकर दो आरोपियों को पकड़ा और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस तीसरे आरोपी तक भी पहुंची। डीएसपी हरोली मोहन रावत ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपियों से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।