संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। निचले क्षेत्रों में सोमवार को शाम के समय हल्की बारिश शुरू हो गई और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हुआ। हिमपात से शीतलहर तेज होने के साथ ही बगीचों में टहनियों के जलाने से वातावरण में फैला धुआं साफ हो गया है। वहीं, चांशल घाटी पर हिमपात के बाद डोडरा क्वार सड़क वाहनों के लिए बंद हो गई है। उसके बाद डोडरा क्वार का पूरा क्षेत्र मुख्यालय से कट चुका है। अभी पहली हिमपात के बाद से ही डोडरा क्वार सड़क केवल छोटे वाहनों के लिए ही खोली थी। रोहड़ू-शिमला मुख्य मार्ग समेत सभी गांवों की सड़कों पर भी यातायात नियमित सामान्य चल रहा है। हल्की बारिश और चोटियों पर हिमपात के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। खराब मौसम के कारण शीत लहर का प्रकोप लगातार जारी है। प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है कि लोग अनावश्यक सफर से बचें। ऊंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर बर्फ जमने के बाद दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। लोक निर्माण विभाग डोडरा क्वार डिवीजन के एक्सईएन नरेंद्र नायक ने कहा कि सुबह से हिमपात के कारण चांशल घाटी वाहनों के लिए बंद हो गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि डोडरा क्वार सड़क पर सफर न करें। उन्होंने कहा पहले हिमपात के बाद अभी डोडरा क्वार सड़क को अस्थायी रूप से छोटे वाहनों के लिए ही बहाल किया गया था। अब दोबरा चांशल घाटी पर हिमपात के बाद डोडरा क्वार सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। मौसम खुलने के बाद सड़क को बहाल करने के प्रयास शुरू किए जाएगे। संवाद