चौपाल-नेरवा मार्ग पर छामधार के समीप फिसलन के कारण फंसे वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
चौपाल (रोहड़ू)। बर्फबारी होने से उपमंडल चौपाल को जोड़ने वाली चौपाल-शिमला और नेरवा मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं। वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही है। इस मार्ग पर चौपाल से देहा के बीच बर्फ जमा होने से फिसलन हो गई है। इस कारण मधाना-सोलन बस फंस गई। चौपाल-नेरवा मार्ग पर छामधार के पास फिसलन के कारण कई वाहन फंस गए हैं। दोपहर बाद चौपाल से शिमला के लिए कोई भी निजी और एचआरटीसी की बस नहीं भेजी गई। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी और मजदूर सड़क से बर्फ हटाने और रेत बिछाने के कार्य में जुट गए हैं। एसडीएम चौपाल ने कहा कि बर्फ हटाने और रेत बिछाने का कार्य चल रहा है। लोक निर्माण विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। लोगों से अपील की है कि बर्फबारी के दौरान यात्रा से परहेज करें और बहुत ही जरूरी होने की स्थिति में फिसलन भरी सड़कों पर वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं।