हमीरपुर। न्यायालयों में चल रहे विभिन्न विभागों से संबंधित केसों के शीघ्र निपटारे और इनके ताजा स्टेटस की ऑनलाइन निगरानी के लिए एलएमएस (लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम) सॉफ्टवेयर तैयार किया गया है। इस सॉफ्टवेयर के बारे में सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के लिए डिजिटल प्रौद्योगिकी और गवर्नेंस विभाग ने शेड्यूल तैयार किया है। इसके अनुसार हमीरपुर में भी 16 से 21 दिसंबर तक विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के हाल में शुरू हुए सुबह के प्रशिक्षण सत्र में ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अजय दतयाल ने आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को एलएमएस सॉफ्टवेयर की जानकारी दी। दोपहर बाद के सत्र में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को एलएमएस सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली से अवगत करवाया जा रहा है। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सभी विभागों, बोर्डों और निगमों के जिला स्तर के कार्यालय अध्यक्षों को इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपने-अपने कार्यालय से अधिकारियों-कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 17 दिसंबर को शहरी विकास विभाग, टीसीपी, लोक निर्माण, जलशक्ति और बिजली बोर्ड के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।