राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है। मनगटा स्थित एक रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल के पास करंट लगने से 13 वर्षीय नाबालिग बच्चे की मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन कर चक्का जाम किया।
परिजनों ने रिसॉर्ट संचालक पर उचित कार्रवाई और मुआवजे की मांग की। यह पूरा मामला मनगटा स्थित बस रिसॉर्ट का है। कुछ लोग वहां गए हुए थे। इस दौरान स्विमिंग पूल के पास एक झालर लगा था। उस झालर में करंट प्रवाहित हो रहा था। 13 वर्षीय नाबालिग बच्चा उसकी चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दोस्तों और परिजनों ने उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रशासनिक समझाइश के बाद यह पूरा मामला शांत हुआ। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी राजनांदगांव कीर्तन राठौर ने बताया कि जांच के बाद ही मामले का खुलासा होगा। पुलिस सभी पहलुओं से घटना की छानबीन कर रही है।
आक्रोशित परिजनों ने की ये मांग
परिजनों का आरोप है कि रिसॉर्ट प्रबंधन की लापरवाही से यह हादसा हुआ। उन्होंने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। मृतक के परिवार ने रिसॉर्ट संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने उचित मुआवजा दिए जाने की भी मांग की। वे अपने बच्चे की मौत के लिए न्याय चाहते हैं।