कोंडागांव पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने डीजल-पेट्रोल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से कुल 4 लाख 45 हजार 228 रुपए मूल्य की मसरूका जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। 18 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बड़े उसरी स्थित सेठिया ढाबा में चोरी का डीजल-पेट्रोल जरकीनों में भरकर रखा गया है, जिसे बेचने की तैयारी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बड़े उसरी पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG27L9238 के पास दो व्यक्ति खड़े मिले। पूछताछ में एक ने अपना नाम सांतुराम कश्यप (निवासी नयापारा मर्दापाल) और दूसरे ने उमेश सेठिया (निवासी बड़े उसरी) बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर 8 जरकीनों में कुल 368 लीटर डीजल-पेट्रोल मिला। वहीं ढाबा से 2 जरकीनों में 100 लीटर डीजल बरामद किया गया। इस तरह कुल 10 जरकीनों में 468 लीटर डीजल-पेट्रोल जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 45,228 रुपए बताई गई है। साथ ही 4 लाख रुपए कीमत का छोटा हाथी वाहन भी जब्त किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई की जा रही है।