ग्राम महावीरगंज के अलगडीहा तालाब में नहाने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सूरज देव कोडाकू (48 वर्ष) निवासी महावीरगंज के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे सूरज देव अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अलगडीहा तालाब में नहाने गए थे। नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से वे डूबने लगे। तालाब के पास मौजूद कुछ बच्चे घटना के साक्षी बने, लेकिन वे उन्हें बचा नहीं पाए। बच्चों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय युवक प्रभु कोडाकू व उसके साथियों ने काफी मशक्कत के बाद शाम लगभग 4 बजे मृतक का शव करीब 12 फीट गहरे पानी से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही जनपद सदस्य राजकुमार यादव सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। विजयनगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम रामानुजगंज में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। जनपद सदस्य राजकुमार यादव ने कहां की अच्छी बारिश होने का क्षेत्र के सभी नदी एवं तालाब में भरपूर पानी है ऐसे में लोगों को एहितयात बरतने की आवश्यकता है ताकि इस प्रकार की घटनाएं न घट सके उन्होंने गहरे पानी से प्रभु एवं उसके साथियों के द्वारा अदम्य में साहस का परिचय देते हुए शव निकल जाने की सराहना की।