सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में मंगलवार तड़के अंबेडकर चौक क्षेत्र में आग लगने से ऑटो, फर्नीचर और डेकोरेशन से जुड़ी आठ दुकानें जलकर राख हो गईं। इस हादसे में करीब सवा करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।
तड़के करीब चार बजे एक फर्नीचर दुकान में आग लगी, जो देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग की लपटें करीब 30 फीट ऊंची उठ रही थीं। सुबह करीब 4:30 बजे एक राहगीर ने दुकान संचालक राकेश अग्रवाल को फोन कर सूचना दी। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डायल-112 को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग फैलते हुए पास की एक नाश्ते की दुकान तक पहुंच गई, जहां रखे छोटे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे दुकान पूरी तरह नष्ट हो गई। राकेश अग्रवाल की फर्नीचर फैक्ट्री भी आग की चपेट में आ गई। दुकान संचालक ने फायर ब्रिगेड पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया है। आग में ई-रिक्शा, बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, फर्नीचर और डेकोरेशन सामग्री नष्ट हो गई। यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।