कोरबा शहर में एसी कॉपर पाइप चोर गिरोह तरह सक्रिय हो गया है। हर रात घरों और दफ्तरों के बाहर लगे एसी के आउटडोर यूनिट से कॉपर पाइप चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। सीएसईबी चौकी के ट्रांसपोर्ट नगर के प्रेस कॉम्प्लेक्स में एक ही दफ्तर से दो बार एसी के पाइप काटकर चोरी कर लिए गए। वहीं टीपी नगर के पास संचालित एक दफ्तर से चोर पूरे आउटडोर यूनिट को ही खोलकर ले भागे। यह तब हुआ जब इलाके में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। चोर इतने बेखौफ हैं कि मुंह पर गमछा बांधकर आते हैं, आराम से यूनिट खोलते हैं और निकल जाते हैं।
शहर में पिछले एक महीने से लगातार एसी चोरी की घटनाएं हो रही हैं। कोसाबाड़ी काम्प्लेक्स में चोर लगभग आधा दर्जम से अधिक दुकानों को निशाना बना चुके हैं जहां एसी का कॉपर वायर चोरी कर चुके हैं। दुकानदारों इसकी शिकायत सिविल लाइन थाना पुलिस से भी की थी लेकिन कर अब तक पुलिस के पकड़ से बाहर है।
चोरी का तरीका एक जैसा है, तीन फीट तक कापर पाइप काटकर ले जाते हैं। इसे कबाड़ी दुकानों में बेचने पर उन्हें मुश्किल से 700 रुपये मिलते हैं, लेकिन एसी की पूरी गैस निकल जाती है और फिर दोबारा वायरिंग, गैस भरवाने और मरम्मत में 8000 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और कबाड़ियों से पूछताछ कर रही है। लेकिन जिन घरों में दो-दो बार चोरी हो चुकी है, वहां लोग तीसरी बार एसी सुधरवाने से डर रहे हैं।