आज गुरुवार देर शाम 8 बजे एमपी-सीजी को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे में दो ट्रक आपस में भिड़ गए। ये हादसा चिल्फी घाटी में हुआ है। इस हादसे में ट्रक चालक बुरी तरह से जख्मी हो गया है, उसका पैर ट्रक में ही फंस गया है। पुलिस की टीम ट्रक चालक को निकालने रेस्क्यू कर रही है। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई है। दोनों ट्रक के भिड़ंत बाद जाम लग गया है। इस कारण से नेशनल हाईवे में देर शाम तक वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई है। हालांकि, मौके पर पुलिस की टीम मौजूद है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क किनारे किया जाएगा।फिलहाल ट्रक में फंसे घायल चालक को निकाला जाएगा, जिसे उपचार के लिए पास के अस्पताल में ले जाया जाएगा। लेकिन, उसकी स्थिति ठीक नहीं है, संभवतः बोड़ला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रेफर किया जाएगा। बता दें इस सड़क पर लगातार हादसे हो रहे है। हाईवे सड़क होने के कारण यहां 24 घंटे वाहनों का दबाव बना होता है। घाटी में अंधा मोड़ में वाहन चलाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। अनुभवी चालक ही इस सड़क में वाहन चला पाते है।